एयर इंडिया ने हब एंड स्पोक मॉडल के तहत अमृतसर से शुरू की ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ान

अमृतसर, 28 जुलाई (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी ने एयर इंडिया ने हब एंड स्कोप मॉडल के तहत शामिल छोटे शहरों के नेटवर्क का विस्तार करते हुए मंगलवार को पंजाब के अमृतसर से दिल्ली के लिए ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ान की शुरुआत की।

इस मॉडल के तहत एयर इंडिया की यह दूसरी ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ान है। पहली उड़ान इस साल 25 जून को वाराणसी से दिल्ली के लिए शुरू की गयी थी।

नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने आज यहां श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इस मॉडल की शुरुआत की।

पहले अमृतसर से विदेश जाने वाले यात्री मुंबई, दिल्ली जैसे किसी मेट्रो शहर के हवाई अड्डे पर जाते थे और वहां जाकर अपना सामान बेल्ट से कलेक्ट करके सिक्योरिटी जोन से बाहर निकलते थे। इसके बाद उन्हें दोबारा अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए सिक्योरिटी जोन में प्रवेश करना होता था, सामान चेक-इन कराना होता था और आव्रजन की प्रक्रिया पूरी होती थी। अब वे एक बार अमृतसर में चेक-इन करके यहीं आव्रजन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे और दिल्ली पहुंच कर बिना बाहर निकले ट्रांजिट यात्री की तरह अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सवार हो सकेंगे।

हब एंड स्पोक मॉडल में दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े हवाई अड्डे हब की तरह काम करते हैं जबकि वाराणसी और अमृतसर जैसे छोटे और मझौले शहरों के हवाई अड्डे स्पोक सेंटर की तरह होंगे जो हब के जरिये अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़े होंगे।

अमृतसर से एयर इंडिया दो ईजी कनेक्ट’ उड़ानों की शुरुआत कर रही है। उड़ान संख्या एआई1113 सुबह 9.10 बजे रवाना होगी। दूसरी उड़ान एआई1115 रात 10 बजे दिल्ली के लिए जायेगी।

श्री सिन्हा ने ईजी कनेक्ट के तहत अमृतसर से सफर कर रहे पहले यात्रियों को उनके बोर्डिंग पास प्रदान किये।

इस अवसर पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार और एयर इंडिया के कॉर्पोरेट मामलों के प्रमुख पी. बालाजी भी मौजूद थे।

 

Next Post

‘पहला नशा’ से रातोंरात बनीं स्टार, फिर एक विवाद ने बदल दी आयशा जुल्का की पूरी जिंदगी

Tue Jul 28 , 2026
अभिनेत्री आयशा जुल्का ने ‘जो जीता वही सिकंदर’ और ‘खिलाड़ी’ जैसी फिल्मों से स्टारडम हासिल किया। हालांकि, फिल्म ‘दलाल’ से जुड़े बॉडी डबल विवाद ने उनके करियर की दिशा बदल दी। मुंबई, 90 के दशक की मशहूर अभिनेत्री आयशा जुल्का का जन्म 28 जुलाई 1972 को श्रीनगर में हुआ था। […]

You May Like