छात्रों की आवाज बनी कांग्रेस की ताकत, अनूपपुर में निकला विजय मार्च राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों से गूंजा शहर

अनूपपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी अनूपपुर द्वारा जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में शनिवार 25 जुलाई की शाम जिला कांग्रेस कार्यालय से स्टेशन चौक तक छात्रों के समर्थन एवं सम्मान में विजय मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, जिससे नगर का वातावरण “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।

विजय मार्च से पूर्व जिला कांग्रेस कार्यालय में संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें कांग्रेसजनों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान ने विजय मार्च के उद्देश्य एवं उसकी पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद पूर्व विधायक मनोज कुमार अग्रवाल एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह ने भी अपने विचार रखे।

छात्रों के संघर्ष को बताया लोकतांत्रिक जीत

जिला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। कांग्रेस ने पेपर लीक, NEET एवं CBSE परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, छात्रों पर कार्रवाई तथा लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के विरोध में देश और प्रदेश में आंदोलन, प्रदर्शन, सत्याग्रह एवं ज्ञापन के माध्यम से अपनी आवाज उठाई। इन आंदोलनों के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी कांग्रेस द्वारा प्रमुखता से उठाई गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों की आवाज और कांग्रेस के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत के रूप में देखा जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर अनूपपुर में विजय मार्च आयोजित कर छात्रों के संघर्ष, लोकतांत्रिक मूल्यों और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए जारी रहेगा संघर्ष

जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं एवं आम जनता के अधिकारों के लिए आगे भी लगातार संघर्ष करती रहेगी। शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए कांग्रेस अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन हुए शामिल

विजय मार्च में जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष हरीश मोटवानी, जिला कांग्रेस महासचिव सत्येन्द्र दुबे, विनय शुक्ला, पुरुषोत्तम चौधरी, कोदूलाल राठौर, संतोष यादव, जिला कांग्रेस सचिव धर्मेन्द्र मिश्रा, नौशाद खान, गरिमा सिंह, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिलाध्यक्ष संध्या वर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष डॉ. एहसान अली, आदिवासी महिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमा प्रधान, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनारायण सिंह, अनूपपुर ब्लॉक अध्यक्ष गुलाब पटेल, पार्षद रियाज अहमद, वरिष्ठ महिला कांग्रेस नेत्री आशा वर्मा, बनगवां नगर परिषद उपाध्यक्ष धनंजय सिंह मुन्ना, कांग्रेस नेता मानवेंद्र मिश्रा, युवा सेवादल यंग ब्रिगेड जिलाध्यक्ष मो. सफीर, कांग्रेस एससी विभाग जिलाध्यक्ष राम बालक चौधरी, कांग्रेस बेरोजगार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मनोज बर्मन, युवा नेता रफी अहमद, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष मो. नदीम, अल्पसंख्यक नेता मो. इफ्तिखार सोनू सहित जिला कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

मार्च में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल सहित कांग्रेस के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेशन चौक पहुंचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों एवं युवाओं के समर्थन में अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।

Next Post

मध्यप्रदेश सरकार बधाई की पात्र- राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग

Sun Jul 26 , 2026
दमोह।जिस प्रदेश की जो अच्छी कला-कार्य हैं, उनकी प्रशंसा करनी चाहिए। मध्यप्रदेश में जहाँ ओबीसी छात्रावास बने हैं, पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए बने हैं, इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार बधाई की पात्र हैं। इस आशय की बात भारत सरकार के राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष (केंद्रीय कैबिनेट मंत्री […]

You May Like