जबलपुर:नरसिंहपुर जिला, सुआतला थाना अंतर्गत इंद्रा नगर हाथीनाला के सामने एनएच 45 में रविवार शाम पांच युवकों को मौत की नींद सुलाने वाले डंपर चालक, मालिक की तलाश में सुआतला थाने की पुलिस जबलपुर पहुंची। इसके बाद शहर क्राइम ब्रांच, बेलखेड़ा थाने की पुलिस के साथ बेलखेड़ा स्थित आरोपित के घर तक पहुंची लेकिन वे वहां नहीं मिला। संदेहियों को भ्ीा हिरासत में लेकर पूछताछ की गई इसके बाद संभवित ठिकानों पर छापेमारी की गई।
इसके साथ ही मामले की हर एंगल पर तफ्तीश शुरू कर दी गई। बयान व जांच में पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले है जिसमें गैर इरादतन हत्या की एफआईआर में हत्या की धाराएं बढऩा है। सुनियोजित साजिश के तहत हत्याएं कराने के सबूत पुलिस ने जुटा लिए है इसके साथ ही आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी गई। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपित पुलिस गिरफ्तार में होगे।
क्या है मामला-
विदित हो कि रविवार देर शाम सुआतला थाना अंतर्गत इंद्रा नगर हाथीनाला के सामने जबलपुर की ओर से आ रहे एक बिना नंबर के एक तेज रफ्तार डंपर ने सडक़ किनारे खड़े आधा दर्जन से अधिक लोगों को बेरहमी से कुचल दिया था। जबकि वहां मौजूद दुकानदारों ने डंपर चालक को रोका था लेकिन वे नहीं माना था और जानबूझकर उसने एक्सीडेंट किया था।
इस दर्दनाक हादसे में वीरेन्द्र सिंह लोधी पिता छोटेलाल लोधी 20 वर्ष, राजेन्द्र लोधी, राजपाल पिता नरबल सिंह लोधी, तीनों निवासी पावला, बेलखेड़ा, जयपाल पिता पंचम सिंह लोधी 30 वर्ष निवासी बरपटी थाना बेलखेड़ा, नीरज पिता मालक सिंह 25 वर्ष की मौत हो गई थी। सोमवार को पीएम के बाद मृतकों के शव जैसे ही उनके गृह ग्राम बेलखेड़ा पहुंचे तो आक्रोशितजनों ने बेलखेड़ा पावला तिराहा में शवों को रखकर चक्काजाम किया था । गुुस्साएं लोगों का कहना था कि यह एक्सीडेंट नहीं, सुनियोजित तरीके से साजिश रचते हुए हत्याएं की गई है वे आरोपियों पर हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी, मुआवजे की मांग पर अड़ गए थे। नरसिंहपुर से एएसपी, टीआई पहुंचे थे और परिजनों, गवाहों के बयान दर्ज किए थे। साथ ही जांच के बाद धाराएं बढ़ाने का आश्वासन दिया था।
ऐसे घूमी शक की सुई, गहराया साजिश का संदेह
आरोपी आनंद ठाकुर और मृतक राजेन्द्र लोधी के बीच में रंजिश चल रही थी। रेत विवाद भी था। राजेन्द्र ने रेत के अवैध कारोबार के खिलाफ मुहिम भी चलाई थी। अवैध रेत कारोबार को लेकर शिकायतें भी की थी। जिला प्रशासन की खनिज विभाग की टीम ने पावला में कार्रवाई भी की थी। रेत उत्खनन से जुड़े वाहनों को भी पकड़ा था। ये कारोबार आनंद ठाकुर का था। इसके बाद भी आंनद राजेन्द्र पर शक करने लगा था। जिस डंपर से युवकों को कुचला गया वे आनंद का ही निकला। जहां एक्सीडेंट हुआ वहां की सडक़ काफी चौड़ी है। युवक सडक़ किनारे थे। डंपर ने जानबूझकर टक्कर मारी । डंपर कहीं से भी न तो बहका था और न ही अनियंत्रित हुआ था। पुलिस गवाहों, परिजनों के बयान भी दर्ज किए। तफ्तीश के दौरान साक्ष्य भी जुटाए।
साक्ष्य मिले, धाराएं बढऩा तय, आरोपियों की तलाश जारी
नरसिंहपुर एसपी ऋषिकेश मीना ने बताया कि पुलिस को तफ्तीश के दौरान अहम साक्ष्य मिले है। गैर इरादतन हत्या के तहत दर्ज प्रकरण में सुनियोजित तरीके से हत्या किए जाने की धाराएं बढऩा है। डंपर चालक की तलाश जारी है । नरसिंहपुर से लेकर जबलपुर में छापेमारी चल रही है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को दबोच लेगी।
रेत घाट विवाद, जल्द पकड़ेगे आरोपी
एएसपी जबलपुर ग्र्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि अवैध रेत घाट को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पूर्व में विवाद होने की बातें सामने आई है । सुआतला थाने में गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज हुई । परिजनों ने सुनियोजित तरीके से हत्या के आरोप लगाए है । सुआतला पुलिस ने चश्मदीदों के बयान दर्ज किए थे। प्रकरण में डंपर मालिक का नाम जोड़ा गया है। जबलपुर भी आरोपी की तलाश कर रही है । जल्द ही आरोपी को पकडक़र नरसिंहपुर पुलिस के हवाले कर देंगे।
