
जुन्नारदेव । जुन्नारदेव थाना क्षेत्र की गुढ़ी अंबाड़ा पुलिस चौकी में पदस्थ होमगार्ड जवान दिलीप बाथरे ने चौकी परिसर के कबाड़ कक्ष में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस विभाग और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दिलीप बाथरे निवासी बड़कुही लंबे समय से चौकी में पदस्थ थे और अपने मिलनसार व्यवहार के लिए जाने जाते थे। प्रारंभिक जानकारी में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सोनम पाटिल, थाना प्रभारी जे. मसराम तथा उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई शुरू कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कहा है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
