सिंगरौली: मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-39 के भूसा मोड़ पर निर्माणाधीन सड़क एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। शनिवार तड़के सुबह यूपी 64 ZA 4884 नंबर की बोलेरो सड़क किनारे खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरी। गनीमत रही कि चालक और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण एजेंसी ने टर्निंग के पास गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं, लेकिन न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर अथवा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अंधेरे में यह स्थान पूरी तरह दुर्घटना का केंद्र बन चुका है। नागरिकों का कहना है कि इसी लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कभी भी बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है।
मोरवा के लोगों ने निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराने, गड्ढों को सुरक्षित कराने तथा जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी अब राहगीरों की जान पर भारी पड़ रही है।
