नयी दिल्ली, 18 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा “पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा जी की धर्मपत्नी श्रीमती चेन्नम्मा देवेगौड़ा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मैं देवेगौड़ा जी, उनके परिवार और सभी शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।”
उन्होंने आगे लिखा “श्रीमती चेन्नम्मा जी गौड़ा परिवार की मूक शक्ति थीं। वह गहरी आस्था, गरिमा और अटूट समर्पण की प्रतीक थीं। उनका जीवन हमें याद दिलाता है कि सबसे बड़े योगदान अक्सर सार्वजनिक नजरों से दूर, मौन त्याग और दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ दिए जाते हैं।”
श्री खरगे ने कहा कि श्रीमती चेन्नम्मा देवेगौड़ा के निधन से देश ने एक स्नेहमयी और गरिमामयी व्यक्तित्व को खो दिया है। इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी देवेगौड़ा परिवार के साथ खड़ी है।
श्रीमती चेन्नम्मा देवेगौड़ा का शनिवार को बेंगलुरु में निधन हो गया।
