
भोपाल। राजधानी में तृतीय ब्रिक्स कल्चर वर्किंग ग्रुप (सीडब्ल्यूजी) और ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक होने जा रहीे है जिसकी व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं. ब्रिक्स को लेकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में सडक़ सुधार, स्वच्छता, ट्रैफिक प्रबंधन, एयरपोर्ट से होटल और आयोजन स्थलों तक आवागमन, आवास और अतिथि सत्कार की तैयारियों की प्रगति का जायजा लिया. प्रशासन अब केवल आयोजन स्थलों तक सीमित न रहकर पूरे शहर की व्यवस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप बनाने पर जोर दे रहा है. कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि यह आयोजन भोपाल ही नहीं प्रदेश की वैश्विक छवि से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें. उन्होंने विशेष रूप से शहर की साफ-सफाई, प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण और प्रतिनिधियों को निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
चार दिन तक चलेगा ब्रिक्स कार्यक्रम
ब्रिक्स का आयोजन 5 अगस्त से शुरू होगा जो 8 अगस्त तक जारी रहेगा. इस दौरान तृतीय ब्रिक्स कल्चर वर्किंग ग्रुप की बैठक, ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव, ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी. इस दौरान ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक धरोहरों की वापसी, जलवायु परिवर्तन और संस्कृति, कलाकारों के कॉपीराइट संरक्षण तथा पारंपरिक ज्ञान की भूमिका पर चर्चा करेंगे.
पर्यटन और सांस्कृतिक को मिलेगा बढ़ावा
प्रशासन का मानना है कि इस आयोजन से भोपाल को इस आयोजन से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विरासत स्थलों के माध्यम से मध्यप्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की तैयारी भी की जा रही है.
