
न्यूयॉर्क अमेरिकी पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट और एनएफएल खिलाड़ी ट्रैविस केल्सी की शादी से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क के एक कलाकार ने शादी समारोह के बाहर सड़कों पर पड़े कचरे को इकट्ठा कर उसे स्मृति चिन्ह के रूप में बेचना शुरू किया और देखते ही देखते उससे लाखों रुपये की कमाई कर ली। न्यूयॉर्क के कलाकार जस्टिन गिग्नैक ने 3 जुलाई को मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर से सिगरेट के टुकड़े, बोतल के ढक्कन, प्लास्टिक स्ट्रॉ, इस्तेमाल किए गए प्लास्टिक चम्मच, कैंडी रैपर और अन्य फेंकी गई वस्तुओं को इकट्ठा किया।
इसके बाद उन्होंने इन सभी चीजों को छोटे-छोटे पारदर्शी प्लास्टिक बॉक्स में पैक कर “कलेक्टर्स आइटम” के रूप में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया। प्रत्येक पैकेट की कीमत 25 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 2,100 से 2,400 रुपये रखी गई थी। कलाकार ने शुरुआती दौर में करीब 50 पैकेट तैयार किए थे, जो बिक्री शुरू होने के 24 घंटे के भीतर ही पूरी तरह बिक गए। इससे उन्हें करीब 1,250 डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 1.07 लाख रुपये से अधिक की कमाई हुई।
जस्टिन गिग्नैक का कहना है कि उनका उद्देश्य न्यूयॉर्क शहर के बड़े सांस्कृतिक आयोजनों को एक यादगार रूप में संरक्षित करना है। उन्होंने बताया कि टेलर स्विफ्ट और ट्रैविस केल्सी की शादी दुनिया की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक थी, इसलिए उन्होंने इस पल को “टाइम कैप्सूल” के रूप में सहेजने का प्रयास किया। यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है। कई लोगों ने इसे फैंस की दीवानगी बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे मार्केटिंग और फैन कल्चर का अनोखा उदाहरण करार दिया है।
