सतना : जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली परसमनिया चौकी के पिपरा गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शनिवार को यहाँ एक तालाब में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, पिपरा गांव के रहने वाले अरुण सिंह गोंड के दो मासूम बच्चे 7 वर्षीय बेटा शुभम गोंड और 5 वर्षीय बेटी अक्षिता गोंड घर के पास स्थित एक तालाब में नहाने गए थे नहाने के दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चे गहरे पानी की तरफ चले गए और खुद को संभाल नहीं पाने के कारण डूब गए.
तालाब किनारे मिले कपड़े
जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई. शुरुआत में परिजनों को लगा कि बच्चे कहीं आस-पास के जंगल की तरफ चले गए हैं, इसलिए उन्होंने पहले वहां खोजबीन की जंगल में कोई सुराग न मिलने पर जब वे तालाब की तरफ गए, तो किनारे पर बच्चों के कपड़े पड़े मिले.
कपड़े देखते ही ग्रामीणों और परिजनों को अनहोनी का अंदेशा हुआ और उन्होंने तुरंत तालाब के पानी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी.काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं.घटना की सूचना मिलते ही परसमनिया चौकी प्रभारी संतोष धुर्वे अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
