
जबलपुर। कांग्रेस को केवल धैर्य और सही दिशा में आगे बढऩे की जरूरत है, सत्ता पक्ष की गलतियां ही विपक्ष की सबसे बड़ी ताकत बनेंगी। वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव का निर्णय लेगी। यह बातें राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने शनिवार को अपने निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहीं ।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि जबलपुर उनका अपना शहर है और इसके विकास तथा जनहित के कार्य उनकी पहली प्राथमिकता हैं। सभी सामाजिक और राजनीतिक वर्गों के सहयोग से शहर के विकास को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ कार्य कर रहा है और वरिष्ठ नेताओं के बीच लगातार संवाद बना हुआ है।
सरकारें बदलती हैं, लोकतांत्रिक परंपराएं बनी रहनी चाहिए-
प्रदेश में लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तन्खा ने कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से काम करना चाहिए। मध्यप्रदेश की राजनीति में पहले संवाद, सम्मान और सहमति की परंपरा रही है, जिसे बनाए रखने की आवश्यकता है। चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन चुनाव के बीच के समय में शासन जनता की समस्याओं के समाधान और विकास पर केंद्रित होना चाहिए।उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई होना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन लोकतांत्रिक परंपराएं और संस्थाओं की गरिमा हमेशा बनी रहनी चाहिए।
