
देवास। पेंचक सिलाट की छठवीं जूनियर एवं 21वीं सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं देवास की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी लक्ष्मी मालवीय और वैष्णवी झाला ने प्रतियोगिता में शामिल होने से पूर्व खेल मंत्री विश्वास सारंग से मुलाकात की। इस अवसर पर खेल मंत्री सारंग ने दोनों खिलाड़ियों से पेंचक सिलाट खेल एवं उनकी तैयारियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित होने पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही खिलाड़ियों के कोच एवं मध्य प्रदेश पेंचक सिलाट एसोसिएशन के सचिव अभय श्रीवास को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उल्लेखनीय है कि 5 से 12 दिसंबर तक उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में छठवीं जूनियर एवं 21वीं सीनियर वर्ल्ड पेंचक सिलाट चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए देवास की लक्ष्मी और वैष्णवी का चयन भारतीय दल में हुआ है।
