झांसी में आगे बढ़ी दिग्विजय की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शनिवार को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में आगे बढ़ी। यात्रा में कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर अपना समर्थन व्यक्त किया।

यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, विधायक रजनीश सिंह, दतिया विधायक घनश्याम सिंह, पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना तथा पूर्व मंत्री पीसी शर्मा शामिल हुए।

शनिवार सुबह यात्रा की शुरुआत झांसी-कानपुर राजमार्ग स्थित गोरा मछिया से हुई। यहां से यात्रा बड़ागांव सहित विभिन्न स्थानों से होते हुए परिच्छा गांव पहुंची, जहां दोपहर में भोजन के लिए विराम लिया गया। दोपहर तीन बजे यात्रा पुनः प्रारंभ हुई और पहाड़ी बुजुर्ग होते हुए श्री हनुमान मंदिर आश्रम पहुंची, जहां यात्रियों ने रात्रि विश्राम किया।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के मूल्यों, सामाजिक समरसता और सर्वसमावेशी विचारधारा को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से मंदिरों में मिलने वाले दान की पारदर्शिता, धार्मिक संस्थाओं की जवाबदेही और लोकतंत्र में मतों की पवित्रता जैसे महत्वपूर्ण सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि यह यात्रा 20 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग से प्रारंभ हुई थी। यात्रा का समापन अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में होना निर्धारित है।

Next Post

दिल्ली बीजेपी की प्रदेश कोर कमेटी गठित, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल

Sat Nov 28 , 2026
नई दिल्ली। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कोर कमेटी के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा द्वारा गठित इस कमेटी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। कमेटी में पूर्व […]

You May Like