
सीहोर। इछावर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. दो पुलिया जोड़ के पास तेज रफ्तार 108 एम्बुलेंस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकालकर जिला अस्पताल भेजा जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर किया गया.
जानकारी के अनुसार बीती रात रेहटी स्वास्थ्य केन्द्र की 108 एंबुलेंस मरीज को छोड़कर वापस रेहटी लौट रही थी. बताया जाता है कि एंबुलेंस इछावर के समीप पहुंची तभी सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाडिय़ों के टकराने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत कर एम्बुलेंस के क्षतिग्रस्त केबिन को काटा और चालक राहुल जाट को बाहर निकाला. घायल चालक राहुल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए दूसरी 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची. इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया.
