
उज्जैन। शहर में पुलिस कंट्रोल रूम और माधव नगर थाना क्षेत्र से चंद कदमों की दूरी पर शुक्रवार शनिवार रात बदमाशों ने धावा बोला और दो मोबाइल दुकान के शटर उचका कर करीब एक करोड रुपए कीमत के मोबाइल चोरी कर लिए। पुलिस जांच में बदमाश कार से आना सामने आये है। कैमरों की मदद से बदमाशों के भागने वाले रास्तों को ट्रेस किया जा रहा है।
माधवनगर थाना क्षेत्र के फ्रीगंज में शनिवार सुबह हाई चॉइस मोबाइल दुकान संचालक नरेश सितलानी को मॉर्निंग वॉक पर निकले परिचित ने दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी नरेश दुकान पर पहुंचे तो नजर देख उनके होश उड़ गए। दुकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी तभी पता चला कि बदमाशों ने उनकी दुकान के साथ ही कुछ दूरी पर एसएस मोबाइल दुकान पर भी वारदात को अंजाम दिया। एसएस मोबाइल दुकान संचालक भी खबर मिलते ही पहुंचा। नरेश सितलानी ने बताया कि बदमाश उनकी दुकान से करीब 45 लाख रुपए कीमत के मोबाइल चुरा कर ले गए। वहीं एसएस मोबाइल दुकान संचालक के यहां से करीब 60 लाख रुपए के मोबाइल और मोबाइल से जुड़ी सामग्री चोरी हुई है। बदमाशों ने कुछ नगदी पर भी हाथ साफ किया है। मोबाइल दुकानों में बड़ी चोरी की वारदात होने पर जांच के लिए फिंगर प्रिंट टीम को बुलाया गया। इस दौरान सामने आया कि बदमाश काफी शातिर थे उन्होंने वारदात को अंजाम देने से पहले हाथों में ग्लव्स पहन रखे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है बदमाशों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं।
फुटेज में दिखे चार बदमाश
पुलिस द्वारा जांच शुरू कर मोबाइल दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। हाई च्वॉईस दुकान के फुटेज देखने पर सामने आया कि बदमाशों की संख्या 4 थी और वे कार से आए थे। एक बदमाश कार में ही बैठा था। तीन बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ा। कुछ देर में ही उन्होंने 40 से 45 लाख के मोबाइल अपने बैग में भरे और बाहर निकल गए। इस दौरान उन्होंने दुकान में लगा कांच का गेट बंद भी किया। वहीं शटर गिराने का प्रयास करते दिखे। शटर नीचे नहीं होने पर दुकान खुली ही छोडक़र चल दिए। वारदात रात 3 बजे के लगभग होना सामने आ रहा है। एसएस मोबाइल दुकान में लगे कैमरे भी पुलिस खंगाल रही है। वहीं एक टीम द्वारा बदमाशों के आने और जाने वाले रास्तों को भी ट्रेस कर कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। कार का नंबर ट्रेस करने की कोशिश हो रही है। बदमाश बाहरी हो सकते हैं।
