जबलपुर: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नागरिकों को रोजाना के जाम से निजात दिलाने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में महापौर ने गोहलपुर पुलिया का औचक निरीक्षण किया और क्षेत्रीय जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए पुलिया के चौड़ीकरण के प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है।
इस दौरान महापौर ने घोषणा की कि गोहलपुर पुलिया के निर्माण और विस्तार के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपए का टैंडर जारी कर दिया गया है। वर्तमान में यह पुलिया मात्र 30 फीट चौड़ी है, जिसके कारण यहाँ अक्सर वाहनों का दबाव बना रहता है और दुर्घटनाओं का अंदेशा रहता है। नए प्रोजेक्ट के तहत इसे बढ़ाकर 80 फीट किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट के लिए एक सख्त टाइमलाइन तैयार की है। उन्होंने ने कहा कि कार्य प्रारंभ मार्च 2026 एवं कार्य पूर्ण जुलाई 2026 तक कर लिया जाएगा।
