
अशोकनगर। अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर में चढ़ावा चोरी होने का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी के चलते शनिवार को स्थानीय गांधी पार्क पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एकजुट होकर राम मंदिर का चढ़ावा चुराने वाले चोरों की सद्बुद्धि के लिए सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान मर्यादा और भक्ति भाव के साथ कुल सात बार हनुमान चालीसा के पाठ किए गए। तो वहीं कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपने वक्तव्य के दौरान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि यह केवल धन की चोरी नहीं है, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था और श्रद्धा पर आघात है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मंदिरों के चढ़ावे को पूरी तरह सुरक्षित करने तथा इस घिनौने कृत्य में शामिल चोरों को जल्द से जल्द पकड़कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुशवाह, राजकुमार लोधी, सुनील जैन, सुधीर शर्मा, महिला नेत्र सीमा सुराणा, किरण कुशवाह सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तख्तियों पर लिखे नारों से घेरा, सुरक्षा की मांग की:
प्रदर्शन के दौरान धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में विभिन्न मांगों और नारों से लिखी तख्तियां थीं, जो राम मंदिर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही थीं। इन तख्तियों पर दान पात्र सुरक्षित होगा, तभी विश्वास मजबूत होगा। रामलला का चढ़ावा बचाओ, मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाओ। रामलला का चढ़ावा सुरक्षित करो, आस्था का सम्मान करो और चढ़ावा नहीं, श्रद्धा चोरी हुई है। जवाब कौन देगा? जैसे नारे लिखे हुए थे।
