इंदौर। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘माय यूथ माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026’ में प्रदेशभर से करीब 5 हजार युवा शामिल हुए। ‘वन स्टेट, वन जनरेशन, वन संकल्प’ थीम पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए युवाओं से जीवनभर अच्छे मित्रों का साथ निभाने, एक-दूसरे की मदद करने और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही मध्य प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है।
कॉन्क्लेव में शिक्षा, स्टार्टअप, कौशल विकास, खेल, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन, संस्कृति और पर्यावरण जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। विभिन्न कार्यशालाओं और संवाद सत्रों में युवाओं ने अपने सुझाव दिए, जिन्हें प्रदेश के भविष्य के विकास के रोडमैप में शामिल किया जाएगा।
कार्यक्रम में मोटर साइकिल और साइकिल रैली, युवा सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संवाद सत्र, म्यूजिक स्टेज और इंदौरी फूड स्ट्रीट जैसे आकर्षण भी रहे। मुख्यमंत्री ने स्कूली विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और युवाओं से नवाचार, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
