कहीं समय से पहले विद्यालय बंद, शिक्षक गायब तो कहीं मिली गंदगी, लापरवाही

जबलपुर:कुछ विद्यालयों में लंबित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अभिलेखों के अद्यतन में भी लापरवाही पाई गई तो कहीं समय से पहले विद्यालय बंद हो रहे थे नियमित लेसन प्लान तैयार नहीं किया जा रहा था। कहीं शिक्षक गायब तो कहीं गंदगी, लापरवाही मिली। दरअसल संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी के निर्देशानुसार संभाग के विभिन्न जिलों के शासकीय विद्यालयों का ऑनलाइन निरीक्षण कराया गया। कुल 53 विद्यालयों का ऑनलाइन निरीक्षण किया गया। जिसमें पाया गया कि शासकीय हाई स्कूल कोदरी, विकासखंड मझौली में शिक्षकों द्वारा नियमित लेसन प्लान तैयार नहीं किया जा रहा है।

शासकीय हाई स्कूल कन्या, करहीवाड़ा (सिवनी) में समय से पूर्व विद्यालय बंद किए जाने, छात्र संख्या तैयार नहीं किए जाने तथा प्रधानाचार्य डायरी का संधारण नहीं किए जाने की स्थिति पाई गई। एक विद्यालय में संबंधित शिक्षिका की अनुपस्थिति तथा प्रधानाचार्य डायरी का संधारण नहीं किया जाना पाया गया। शासकीय हाई स्कूल बसेगांव, बालाघाट में विद्यालय परिसर अव्यवस्थित, शौचालय गंदे, विद्यार्थियों की उपस्थिति कम तथा शिक्षक डायरी का संधारण नहीं पाया गया। शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल पनार, डिंडौरी में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम तथा प्रधानाचार्य डायरी का संधारण नहीं किया जा रहा था। कुछ विद्यालयों में लंबित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अभिलेखों के अद्यतन में भी लापरवाही पाई गई।
संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित शैक्षणिक गतिविधियां, अभिलेखों का समुचित संधारण, स्वच्छ एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना प्रत्येक संस्था प्रमुख की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया कि निरीक्षण में चिन्हित कमियों का शीघ्र निराकरण कर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। साथ ही स्पष्ट किया कि विद्यालयों में सिर्फ पढ़ाई हो, भविष्य में भी इसी प्रकार के ऑनलाइन एवं औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में उप संचालक पी.पी. सिंह, सहायक संचालक रश्मि झारिया, प्रशासनिक अधिकारी उर्मिला पाठक एवं सहायक सांख्यिकी अधिकारी सुषमा पटेल शामिल रहीं।

Next Post

मंधाना, हरमनप्रीत और दीप्ति के अर्धशतक

Sat Jul 11 , 2026
लंदन, (वार्ता) स्मृति मंधाना (83), कप्तान हरमनप्रीत कौर (58) और दीप्ति शर्मा (57) के शानदार अर्धशतकों से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन शुक्रवार को पहली पारी में 285 रन का सम्मानजनक स्कोर बना लिया। इंग्लैंड ने इसके जवाब में स्टंप्स तक एक विकेट खोकर 21 […]

You May Like