इंदौर: शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय किला भवन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए प्रवेश मेले का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव के निर्देशन एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रवेश मेला 15 जुलाई 2026 तक चलेगा.उद्घाटन अवसर पर छात्राओं एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय में संचालित स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई.
प्राचार्य डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव ने कहा कि प्रवेश मेला छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने और उनके लिए उपयुक्त विषय व पाठ्यक्रम के चयन में मार्गदर्शन देने का प्रभावी माध्यम है. प्रवेश प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने के लिए महाविद्यालय में सहायता काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां विषय विशेषज्ञ प्राध्यापक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर छात्राओं को आवेदन, विषय चयन और प्रवेश संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए परामर्श दे रहे हैं.
रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों की दी जानकारी
मेले के दौरान छात्राओं को महाविद्यालय की उपलब्धियों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी जा रही है. प्रवेश मेले में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं अभिभावकों ने भाग लेकर प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त की.
