
इंदौर. पुलिस विभाग के एक हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ महिला कॉन्स्टेबल की शिकायत पर गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज होने से महकमे में हड़कंप मच गया है. बाणगंगा पुलिस ने देवास औद्योगिक थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने, धमकी देने, कार में बंधक बनाकर शादी का दबाव बनाने और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. मामले की जानकारी मिलते ही देवास पुलिस अधीक्षक ने राहुल शर्मा को तत्काल लाइन अटैच कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं.
महिला कॉन्स्टेबल ने अधिकारी को की शिकायत में बताया है कि करीब एक वर्ष पहले देवास में पदस्थापना के दौरान उसकी राहुल शर्मा से पहचान हुई थी. शुरुआती बातचीत के बाद आरोपी लगातार फोन कर शादी का दबाव बनाने लगा. मना करने के बावजूद वह अलग अलग नंबरों से कॉल करता रहा, पीछा करता था और कथित रूप से मानसिक रूप से परेशान करता रहा. इससे परेशान होकर महिला ने देवास से इंदौर तबादला करा लिया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी राहुल शर्मा उसकी गतिविधियों पर नजर रखता रहा और लगातार संपर्क करने की कोशिश करता रहा. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी कई बार आत्महत्या करने की धमकी देकर महिला पर बात करने का दबाव बनाता था. एक बार वह सरकारी अस्पताल तक पहुंच गया, जहां महिला ड्यूटी के दौरान एक प्रकरण में मेडिकल कराने गई थी. वहां भी उसने उससे बातचीत करने का प्रयास किया और विवाद किया.
महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले राहुल शर्मा ने बाणगंगा क्षेत्र में उसे जबरन अपनी कार में बैठा लिया. कार के दरवाजे लॉक कर उसका मोबाइल छीन लिया और शादी करने का दबाव बनाया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. इसी दौरान महिला की मां का फोन आया, जिस पर उसने किसी तरह पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही महिला के पिता और भाई मौके पर पहुंच गए. उन्हें आता देख आरोपी कथित रूप से कार लेकर वहां से फरार हो गया.
घटना के बाद महिला कॉन्स्टेबल ने बाणगंगा थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया.
शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है…
महिला कॉन्स्टेबल की शिकायत के आधार पर राहुल शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर
आरोपी को लाइन अटैच किया है…
इंदौर में प्रकरण दर्ज होने की सूचना मिलते ही हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा को तत्काल लाइन अटैच कर दिया है. पूरे मामले की विभागीय जांच एसडीओपी बागली को सौंपी गई है. आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला.
देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद
