इंदौर: राजमोहल्ला क्षेत्र में सुबह जैन मंदिर दर्शन के लिए पैदल जा रही एक महिला से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली. वारदात के बाद आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन आरोपियों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमका दिया और फरार हो गए. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.मल्हारगंज थाना क्षेत्र निवासी इंदिरा जैन गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे वैष्णव स्कूल के सामने स्थित जैन मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे. पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और तीनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से भाग निकले.\
महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा किया. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि आरोपी एमओजी लाइन की ओर भागे. पीछा किए जाने पर बदमाशों ने हथियार निकालकर लोगों को डराया, जिसके चलते वे उन्हें पकड़ नहीं सके. सूचना मिलते ही मल्हारगंज पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कराई गई.
वारदात दो थाना क्षेत्रों की सीमा के नजदीक हुई है, इसलिए दोनों थानों की टीमें संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं. आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.महिला की शिकायत पर चेन स्नैचिंग का प्रकरण दर्ज कर कर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपियों की तलाश के लिए अलग अलग टीमों को लगाया है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
