इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र के नगीन नगर में बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में साइकिल चला रहा 13 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया. बाइक की टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया. उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि गुरुवार को बाइक सवार युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी.
घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है. घायल की पहचान हर्ष नामदेव के रूप में हुई है. वह साइकिल से जा रहा था, तभी एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे टक्कर मार दी. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. दुर्घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार नहीं हुए और वहीं रुक गए. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
घायल बालक और उसके पिता कुंदन नामदेव के बयान दर्ज कर लिए हैं. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसा कैद हुआ है. पुलिस फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.घायल होने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. घायल और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं. घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है. जांच के आधार पर बाइक सवार दोनों युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एरोड्रम थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह कुशवाह
