सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्की ने हूती हमलों की निंदा की, सऊदी सुरक्षा मजबूत करने का संकल्प

रियाद/ इस्लामाबाद, 28 नवंबर (वार्ता) सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की ने हूती विद्रोहियों के नए हमलों के बीच सऊदी अरब की सुरक्षा और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के प्रयास तेज करने का संकल्प लिया है। तीनों देशों ने मक्का रक्षा गठबंधन के तहत राजनीतिक और रक्षा सहयोग को और
गहरा करने की प्रतिबद्धता भी दोहरायी है। यह प्रतिबद्धता शुक्रवार को इस्लामाबाद में गठबंधन की रणनीतिक राजनीतिक एवं रक्षा समिति की दूसरी बैठक के दौरान जतायी गयी। तीनों देशों ने अगस्त में रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

समिति ने एक संयुक्त बयान में सऊदी अरब में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर हूती लड़ाकुओं द्वारा किए जा रहे ‘लगातार और जघन्य हमलों’ की कड़ी निंदा की। तीनों देशों ने सऊदी अरब की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उसका समर्थन करने के प्रयास तेज करने का संकल्प भी दोहराया। सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने कहा कि बैठक में गठबंधन के सदस्य देशों के बीच राजनीतिक और रक्षा सहयोग मजबूत करने के लिए निरंतर संयुक्त कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया गया।

प्रिंस खालिद ने शनिवार तड़के सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कई पोस्ट में कहा कि तीनों देशों ने क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता दोहरायी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने में गठबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए सदस्य देशों से बैठकों के निष्कर्षों के आधार पर आगे बढ़ने और अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “मक्का रक्षा गठबंधन के तहत रणनीतिक राजनीतिक एवं रक्षा समिति की दूसरी बैठक राजनीतिक और रक्षा प्रयासों को मजबूत करने के लिए निरंतर संयुक्त कार्रवाई के महत्व को रेखांकित करती है। यह सुरक्षा और स्थिरता को आगे बढ़ाने में हमारी एकजुट स्थिति और भूमिका की पुष्टि करती है।”

बैठक से इतर प्रिंस खालिद ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख एवं रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ भी बातचीत की। इसमें क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने में गठबंधन की भूमिका तथा सदस्य देशों की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने पर चर्चा हुई। प्रिंस खालिद ने तुर्की के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री याशर गुलेर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने समिति की बैठक के नतीजों का स्वागत किया और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और विस्तार देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सऊदी रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सऊदी नेतृत्व की ओर से शुभकामनाएं दीं और दौरे पर आए प्रतिनिधिमंडलों के स्वागत तथा आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। यह गठबंधन ऐसे समय में सामने आया है, जब क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है और यमन संघर्ष में चार साल का संघर्षविराम इस साल की शुरुआत में टूटने के बाद सऊदी अरब पर हूती हमले फिर तेज हो गए हैं।

फरवरी में ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध छिड़ने के बाद हूतियों ने हमले शुरू किए थे। प्रिंस खालिद के साथ शुक्रवार की बैठक में सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान भी शामिल हुए। समिति ने क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य के घटनाक्रमों की समीक्षा की और शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने की तीनों देशों की प्रतिबद्धता दोहरायी। सदस्य देशों ने मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के सिद्धांतों और उद्देश्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहरायी। इनमें सामूहिक रक्षा, आपसी एकजुटता तथा एक-दूसरे की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान शामिल है।

.....

Next Post

शिक्षक के व्यवहार से नाराज विद्यार्थियों का स्कूल में हंगामा, किया प्रदर्शन

Sat Nov 28 , 2026
छिंदवाड़ा। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जाम में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य और एक शिक्षक के कथित दुर्व्यवहार से नाराज होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। विद्यार्थियों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों के […]

You May Like