
जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में महिला को शादी का झांसा देकर पिछले 13 वर्षों तक लगातार शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जब पीड़िता थक-हारकर न्याय के लिए थाने पहुंची, तो पुलिस की संवेदनहीनता के कारण उसकी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई। अब इस मामले में सामाजिक संगठन महादलित परिसंघ ने मोर्चा खोल दिया है। थाने का घेराव कर निष्पक्ष जांच और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, साल 2013 में मदन महल निवासी विनोद गुप्ता ने पीड़िता को अपनी बातों में फंसाया और शादी करने का पक्का वादा किया आरोपी ने पीड़िता को शहर के विभिन्न इलाकों में किराए के मकानों में रखा और शादी का भरोसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। साल 2021 में आरोपी पीड़िता को कांचघर स्थित अपने एक परिचित के सूने घर में ले गया। वहां भी उसके साथ संबंध बनाए गए। इसके बाद जब पीड़िता ने उस पर शादी करने के लिए अंतिम दबाव बनाया, तो आरोपी उसे बेसहारा छोड़कर फरार हो गया। शिकायत पत्र में महादलित परिसंघ के पदाधिकारियों ने घमापुर थाने की महिला डेस्क की कार्यशैली पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि जब वह रोती-बिलखती अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो वहां तैनात महिला स्टाफ ने उसकी पीड़ा सुनने के बजाय उसे टरका दिया और उसकी शिकायत दर्ज करने से साफ मना कर दिया। महादलित परिसंघ के जिलाध्यक्ष आकाश मलिक ने कहा कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
