सिंगरौली: जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने शनिवार को जिले के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजमिलान, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोयलखूंथ तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की साफ-सफाई, छात्र उपस्थिति, साइकिल एवं पुस्तक वितरण, अपार आईडी, शिक्षक डायरी, नामांकन अभिलेख, विद्यालय रिकॉर्ड तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किए गए पौधरोपण का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजमिलान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताई। प्रभारी प्राचार्य को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई कि लापरवाही जारी रहने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोयलखूंथ में पुस्तक वितरण के दौरान विद्यार्थियों की भीड़ देखकर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य एवं पुस्तक वितरण प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यार्थियों को कक्षाओं में बैठाकर व्यवस्थित तरीके से पुस्तकें वितरित की जाएं। साथ ही नियमित एवं सुव्यवस्थित कक्षाएं संचालित करने के भी निर्देश दिए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माड़ा में निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक एक साथ बैठे मिले, जबकि कई छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर में इधर-उधर घूमते पाए गए। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य एवं संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। करीब एक घंटे तक चली बैठक में प्रत्येक शिक्षक से उनकी शैक्षणिक गतिविधियों और शिक्षक डायरी का अवलोकन किया गया, लेकिन संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आगामी निरीक्षण में यदि विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं मिला तो संबंधित प्राचार्यों एवं शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय को भेजा जाएगा।
