
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनकर कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कराया।
जनसुनवाई में प्राप्त जिन शिकायतों का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। मंत्री ने कार्यकर्ताओं और आमजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर विजयवर्गीय ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की और उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है और शासन-प्रशासन इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
