तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को मारी टक्कर, पैर की हड्डी टूटी, निजी अस्पताल रेफर

नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के मनासा नाके पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को टक्कर मार दी। इस सडक़ हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, चावला कॉलोनी का रहने वाला नवीन यादव मंगलवार शाम अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मनासा नाके के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवीन सडक़ पर दूर जा गिरा और उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया।

हालत गंभीर, निजी अस्पताल रेफर

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और नवीन के परिचित दीपक धाकड़ ने उसे तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन नवीन की गंभीर हालत और पैर के फ्रैक्चर को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

रहवासियों ने की स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग

हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही रहवासियों ने मनासा नाके पर सडक़ के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग उठाई है।

लोगों का कहना है कि पास में ही शासकीय स्कूल और नीमच सिटी थाना होने के बावजूद इस मार्ग से रोजाना तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

Next Post

मीडिया बताए,हम समाधान करेंगे: सविता

Wed Jul 1 , 2026
सिंगरौली। नपानि आयुक्त सविता प्रधान ने बुधवार को शहर के विकास और जनसुविधाओं को लेकर पत्रकारों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि शहर की वास्तविक समस्याओं व जरूरतों को समझने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों के सुझाव ननि के लिए मार्गदर्शक साबित होंगे और विकास कार्यों को […]

You May Like