वाहन की बिक्री में जून में भी जारी रही जबरदस्त तेजी

नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में पिछले साल सितंबर में किये गये सुधारों के बाद से वाहन उद्योग में आयी तेजी इस साल जून में भी जारी रही। देश की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता मारुति सुजुकी ने बुधवार को बताया कि जून में उसकी कुल बिक्री 19.28 फीसदी बढ़कर दो लाख 390 इकाई पर पहुंच गयी। इसमें घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री 23.78 प्रतिशत और निर्यात 11.90 फीसदी बढ़ा। कंपनी ने घरेलू बाजार में 1,47,187 यात्री वाहन बेचे। उसका निर्यात 42,768 इकाई रहा। दूसरी सबसे बड़ी यात्री वाहन कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने जून में घरेलू बाजार में 62,076 यात्री वाहन बेचे और 1,007 वाहनों का निर्यात किया।

कुल बिक्री 63,083 इकाई रही जो एक साल पहले के मुकाबले 69 फीसदी अधिक है। कंपनी के इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 183 फीसदी बढ़कर 14,800 इकाई पर पहुंच गयी। महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल बिक्री जून 2025 की तुलना में 37 प्रतिशत बढ़कर 1,06,207 इकाई दर्ज की गयी। इसमें घरेलू बाजार में बेचे गये 60,393 यात्री वाहन शामिल हैं, जो सालाना आधार पर 28 प्रतिशत की अधिक है। वाणिज्यिक वाहनों की घरेलू बिक्री 35 फीसदी बढ़कर 26,076 इकाई पर रही। हुंडई मोटर इंडिया ने जून में निर्यात सहित 51,335 वाहन बेचे। इसमें घरेलू बाजार में बेचे गये 39,635 वाहन शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि एक आपूर्तिकर्ता के विनिर्माण संयंत्र में आग लगने की घटना के कारण जून में उत्पादन में 13,900 इकाई का नुकसान हुआ। उसने उम्मीद जतायी है कि जुलाई से सितंबर की तिमाही में इस नुकसान की भरपाई की उम्मीद है।
वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री 36,599 इकाई और निर्यात 4,206 इकाई रही। इनमें सालाना क्रमशः 31 प्रतिशत और 83 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कुल बिक्री 35 प्रतिशत बढ़कर 40,805 इकाई रही।

ट्रक और बस जैसे वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली कंपनी अशोक लेलैंड घरेलू बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 17,912 इकाई रही। निर्यात समेत कुल बिक्री 19,194 करोड़ रुपये रही। इसमें 25 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गयी है। ट्रक और बस बनाने वाली एक और कंपनी आयशर की घरेलू बिक्री 27.9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 8,595 इकाई पर रही। निर्यात 41.6 प्रतिशत बढ़ा और 674 इकाई रहा। निर्यात समेत कुल बिक्री 9,519 इकाई रही जो सालाना आधार पर 29.3 फीसदी अधिक है।दुपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की फैक्टरी गेट से बिक्री 5,41,159 इकाई रही। यह एक साल पहले के 5,53,963 वाहनों की तुलना में कम है। इसमें घरेलू बिक्री में 4.24 प्रतिशत कमी आयी है जबकि निर्यात 32.75 प्रतिशत बढ़ा है। घरेलू बिक्री 5,02,890 इकाई और निर्यात 38,269 इकाई पर रहा। दुपहिया वाहन निर्माता होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की घरेलू बिक्री जून में 4,68,956 इकाई और निर्यात 59,325 इकाई रहा। यह क्रमशः 21 प्रतिशत और 47 प्रतिशत की सालाना बढ़त है। कुल बिक्री 23 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,28,281 इकाई रही।

.....

Next Post

छतरपुर में 20 शराब दुकानों के लाइसेंस निरस्त, 85 करोड़ रुपये वार्षिक मूल्य वाली दुकानों पर कार्रवाई

Wed Jul 1 , 2026
छतरपुर। आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले की 20 कंपोजिट शराब दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। इन दुकानों का कुल वार्षिक मूल्य करीब 85 करोड़ रुपये है। लाइसेंस निरस्त होने के बाद विभाग ने सभी दुकानों का संचालन अपने नियंत्रण में ले लिया है। बताया जा […]

You May Like