
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस और नीदरलैंड के कॉन्सुलेट जनरल ने साइबर सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और जनसुरक्षा जागरूकता के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा और नीदरलैंड के कॉन्सुलेट जनरल नबील ताउआती के बीच हुई शिष्टाचार भेंट में दोनों पक्षों ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में कॉन्सुल जनरल के साथ मुंबई स्थित वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार कौस्तुभ परिहार तथा कृषि सलाहकार प्रसाद पारते भी उपस्थित रहे।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी नवाचार और नागरिक-केंद्रित व्यवस्था के माध्यम से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का विस्तृत उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा शैक्षणिक संस्थानों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार और मध्यप्रदेश पुलिस के ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान की भी जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने, मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
बैठक के दौरान जनसुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, जन-जागरूकता अभियानों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। कॉन्सुल जनरल नबील ताउआती ने मध्यप्रदेश पुलिस की नवाचार आधारित जनहितकारी पहलों की सराहना करते हुए भविष्य में संवाद और सहयोग को और मजबूत बनाने की इच्छा व्यक्त की।
अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के संवाद से दोनों पक्षों के बीच आपसी समझ और सहयोग को नई दिशा मिलेगी तथा जनसुरक्षा और नागरिक हित से जुड़े विषयों पर ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
