चंडीगढ़, 26 जून (वार्ता) हरियाणा में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा, जिसके तहत प्रदेश के लगभग 36 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
एनएचएम के निदेशक डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत आयोजित हाेने वाले अभियान के दौरान पहले दिन 28 जून को प्रदेशभर में 17,331 पोलियो बूथ स्थापित किये जाएंगे। इसके बाद 29 और 30 जून को करीब 34 हजार स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान की निगरानी के लिए 3,400 सुपरवाइजर तैनात किये गये हैं, जबकि राज्य मुख्यालय के अधिकारी भी जिलों में निगरानी करेंगे।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 28 जून को अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर जरूर लेकर जाएं और बाद में घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत को पोलियो मुक्त बनाये रखने और पड़ोसी देशों से संक्रमण के खतरे को रोकने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य विभाग ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, किंडरगार्टन, क्रेच और विभिन्न विभागों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
