दमोह: जिले के देहात थाना और नोहटा थाना के बीच चिरई चोंच के पास तेज रफ्तार बस ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार एक दर्जन लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गाड़ाघाट टपरिया से ऑटो में सवार होकर सभी लोग तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बुंदेलखंड की बताई जा रही बस ने ऑटो को टक्कर मार दी और जबेरा की ओर भाग गई। पुलिस को सूचना दे दी गई है और बस की तलाश की जा रही है। हादसे के समय ड्यूटी पर जा रहे आबकारी उप निरीक्षक मधुसूदन दीवान, आरक्षक छोटेलाल, अरविंद, कुलदीप और सुरेंद्र ने तत्परता दिखाई।
उन्होंने घायलों को तत्काल अपने वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। घायलों का उपचार ड्यूटीरत डॉक्टर अभिजीत, डॉक्टर बहादुर, डॉक्टर यशपाल और टीम द्वारा किया जा रहा है। घायलों में रचना पति जगदीश गौंड, कौशल्या पति झुररे, अज्जू पिता बबलू 18 वर्ष, वर्षा पति धन सिंह, वर्षा पति रिबबू, गौराबाई, केसरबाई, जमुनाबाई, वंदना, ऑटो चालक कीरत पिता दशरथ ठाकुर, रश्मि, रोशनी, नेहा 30 वर्ष और 5 वर्षीय निमरित, नेहल 7 वर्ष गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जिन सभी का इलाज किया जा रहा है.
