भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ के तहत डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है।
इसी क्रम में पुलिस प्रशिक्षण शाला उज्जैन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव आरक्षकों के लिए 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के तहत बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 637 नव आरक्षकों को राज्य साइबर पुलिस इकाई उज्जैन के विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा साइबर अपराधों की विभिन्न चुनौतियों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्रों में डिजिटल अरेस्ट, वित्तीय धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी तथा अन्य उभरते साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही साइबर अपराध के पीड़ितों के लिए उपलब्ध सहायता तंत्र, साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां, डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नव आरक्षकों ने मानव श्रृंखला बनाकर साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पुलिस प्रशिक्षण शाला उज्जैन की पुलिस अधीक्षक मनीषा पाठक सोनी, राज्य साइबर पुलिस इकाई उज्जैन की पुलिस अधीक्षक लीना मारोठ, उप पुलिस अधीक्षक नंदकिशोर मालवीय, शैलजा भदौरिया, सहायक लोक अभियोजन अधिकारी प्रहलाद घटिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश पुलिस का कहना है कि ‘सेफ क्लिक’ अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में प्रशिक्षण, जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर नागरिकों में साइबर साक्षरता बढ़ाने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
