भोपाल: लखनऊ घटना के बाद कोचिंग सेंटरों को लेकर कलेक्टर कार्यालय में प्रशासन की बैठक आयोजित की गई. जिसमें फायर सेफ्टी सहित सुरक्षा की जांच करने के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने प्रशासन की एक संयुक्त टीम का गठन कर दिया है. जिससे एमपी नगर सहित शहर की सभी कोचिंग सेंटरों पर एसडीएम एमपी नगर के नेतृत्व में जांच की जाएगी. इस दल में कलेक्टर ने नगर निगम के फायर अधिकारी, विद्युत सुरक्षा विभाग के अधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त को शामिल किया गया है. जो कोचिंग सेंटरों पर फायर सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करेंगे.
आपातकालीन निकासी सहित अन्य सुरक्षा
लखनऊ कोचिंग सेंटर में हुए आगजनी के हादसे के बाद प्रशासन अब किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहता है इस लिए छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए कोचिंग सेंटर भवनों की संरचनात्मक स्थिरता, विद्युत सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन निकासी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी.
साथ ही कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं, भवनों की संरचनात्मक मजबूती, वेंटिलेशन, आपातकालीन निकास मार्गों तथा भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं को औचक निरीक्षण करके देखा जाएगा.
