
चिचोली। भीमपुर से चिचोली को जोड़ने वाली सड़क क्षेत्र की जीवन रेखा मानी जाती है, लेकिन अधूरे निर्माण कार्य के कारण यह सड़क इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। करीब दो वर्ष पूर्व शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य आज भी पूरा नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
गर्मी के दिनों में सड़क पर उड़ने वाली धूल से लोगों का जीना मुहाल हो जाता है, वहीं बारिश के मौसम में कीचड़ और सड़क पर बिखरी गिट्टियों के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। सड़क निर्माण के लिए डाली गई मिट्टी और गिट्टी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से लगभग 18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन कार्य की धीमी गति के कारण लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। अटल चौक और नसीराबाद क्षेत्र के निवासियों ने पूर्व में भी सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर तहसील प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के भूमि पूजन के समय क्षेत्रीय सांसद ,विधायक एवं जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन निर्माण कार्य में हो रही लगातार देरी से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भीमपुर और चिचोली के बीच प्रतिदिन आवागमन करने वाले नागरिकों का कहना है कि वर्तमान स्थिति में इस मार्ग पर यात्रा करना बेहद मुश्किल और जोखिमपूर्ण हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अब यह सवाल आम चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर भीमपुर-चिचोली सड़क का निर्माण कार्य कब पूरा होगा। फिलहाल यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बनी हुई है।
