
ओंकारेश्वर। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर को ममलेश्वर से जोडऩे वाला ऐतिहासिक ममलेश्वर झूला पुल मंगलवार देर रात तकनीकी खराबी के कारण एहतियातन बंद कर दिया गया। पुल के लोडिंग तार में लगी एक महत्वपूर्ण कड़ी टूटने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार सुबह दोनों ओर ताला लगाकर आवागमन रोक दिया।
मंदिर प्रशासन को देर रात घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद सुबह करीब 5 बजे पुल को बंद कर सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए। स्थानीय लोगों के अनुसार टूटी हुई कड़ी का भार आसपास की अन्य कडय़िों और सपोर्ट पर पड़ रहा है, जिससे संरचना पर अतिरिक्त दबाव बनने की आशंका है। पुल का एक हिस्सा हल्का झुका हुआ भी दिखाई दे रहा है। नायब तहसीलदार उदय मंडलोई ने बताया कि पुल की एक कड़ी टूटने के कारण एहतियातन आवागमन बंद किया गया है। मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है और तकनीकी जांच के बाद ही श्रद्धालुओं के लिए पुल को दोबारा खोला जाएगा। उल्लेखनीय है कि फरवरी 2023 में महाशिवरात्रि से पहले भी झूला पुल का एक सस्पेंडिंग तार क्षतिग्रस्त हुआ था, जिसके बाद मरम्मत और तकनीकी परीक्षण के उपरांत पुल को पुन: चालू किया गया था। वर्ष 2004 में एनएचडीसी द्वारा लगभग 7.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल में दूसरी बार आई तकनीकी खराबी ने इसके रखरखाव और दीर्घकालिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कलेक्टर ऋषभ गुप्ता का आधिकारिक स्पष्टीकरण-
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने वीडियो जारी कर स्थिति को स्पष्ट किया और अफवाहों पर रोक लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुल के टूटने या किसी बड़ी क्षति का कोई मामला नहीं है और पुल पूरी तरह से सुरक्षित है।
झूला पुल में बंधी केबल्स के क्लैस्प के कुछ नट हल्के से ढीले हो गए थे, जिन्हें कसा जाना है। इस काम के लिए इंदौर से एक तकनीकी टीम मौके पर पहुंच चुकी है और मरम्मत आज ही पूरी कर ली जाएगी। सुरक्षा और मरम्मत कार्य के मद्देनजर झूला पुल को केवल आज के लिए बंद किया गया है। कल से इसे हमेशा की तरह विधिवत रूप से फिर से चालू कर दिया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
झूला पुल बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई बाधा न आए, इसके लिए प्रशासन ने आवाजाही का मार्ग बदल दिया है। वर्तमान में सभी श्रद्धालुओं को पुराने पैदल पुल से होकर निकाला जा रहा है ताकि दर्शन सुचारू रूप से चलते रहें।
अफवाहों का कलेक्टर ने किया खंडन, कल से फिर शुरू होगा आवागमन ये
ऐतिहासिक झूला पुल के बंद होने को लेकर बुधवार सुबह भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। शुरुआत में लोडिंग तार की कड़ी टूटने की खबरें सामने आईं, लेकिन जिला प्रशासन और कलेक्टर ने इन खबरों को महज अफवाह बताते हुए स्पष्ट किया है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और इसमें कोई टूट-फूट नहीं हुई है। मरम्मत के बाद कल (गुरुवार) से इसे श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया जाएगा।
