42 नवयुगलों ने थामा जीवनसाथी का हांथ

सीधी। सामूहिक विवाह समारोह में आज 42 नवयुगलों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जीवनसाथी का हांथ थामा। सामूहिक विवाह समारोह में मंगलगीत गूंजे एवं सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत पनवार स्थित सिद्धि विनायक पैलेस में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में जनपद पंचायत सीधी क्षेत्र के 42 नवयुगल वैवाहिक बंधन में बंधे। समारोह में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, विधायक सीधी रीती पाठक एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए प्रत्येक जोड़े को 49 हजार रुपये की सहायता राशि एवं गृहस्थी प्रारंभ करने हेतु उपहार प्रदान किए। सांसद डॉ.मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना ने बेटियों के विवाह को सम्मानजनक और सहज बनाने के साथ माता-पिता की बड़ी चिंता दूर की है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार गरीब एवं वंचित वर्ग के जीवन को बेहतर बनाने के लिए जन्म से लेकर आत्मनिर्भर जीवन तक अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश को जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी राज्य बताते हुए उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया और नवविवाहित बेटियों के सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।

विधायक रीती पाठक ने सभी नव दंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के माध्यम से सामाजिक समरसता को मजबूत कर रही है तथा दहेज जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन की दिशा में प्रभावी पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम है। जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इससे बेटियों के विवाह में आने वाली आर्थिक कठिनाइयों का समाधान हुआ है और समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

००

समारोह में इन्होंने भी दी नवविवाहितों को शुभकामनाएं

समारोह में पार्षद पूनम सोनी, समाजसेवी इंद्रशरण सिंह, विश्वबंधुधर द्विवेदी, देवेंद्र त्रिपाठी, पुनीत नारायण शुक्ला, पुष्पराज सिंह, एसडीएम गोपदबनास प्रिया पाठक, सीईओ जनपद पंचायत चंदूलाल पानिका सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

०००००००००००

Next Post

राजेश एक्सपोर्ट्स पर ईडी की छापेमारी, फेमा उल्लंघन और वित्तीय अनियमितताओं के संकेत

Wed Jun 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के कथित उल्लंघन की जांच के तहत राजेश एक्सपोर्ट्स लिमिटेड (आरईएल) और उससे जुड़े संस्थानों के बेंगलुरु और मुंबई स्थित नौ ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। ईडी ने बुधवार को बताया कि 23 जून से […]

You May Like