
सिवनी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं यादव समाज के गौरव डॉ. मोहन यादव पर लगाए जा रहे कथित आरोपों के विरोध में जिला यादव महासभा सिवनी द्वारा बुधवार को होटल नटराज पैलेस, टिकोना पार्क, सिवनी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लिया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विरुद्ध लगाए जा रहे आरोप असत्य, अपमानजनक एवं निराधार हैं। ऐसे आरोपों से न केवल एक जनप्रतिनिधि की छवि को ठेस पहुंचती है, बल्कि पूरे समाज की भावनाएं भी आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि यादव समाज सदैव सत्य, सम्मान और सामाजिक समरसता के पक्ष में खड़ा रहा है तथा किसी भी प्रकार के अन्याय और अपमान का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करता रहेगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकता, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सभी समाजजन एकजुट हैं। प्रेस वार्ता के माध्यम से समाज ने अपना पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया कि वह किसी व्यक्ति या संगठन के विरोध में नहीं, बल्कि असत्य और भ्रामक आरोपों के विरोध में अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।
जिला यादव महासभा के अध्यक्ष अरुण कुमार यादव ने प्रेस वार्ता में उपस्थित प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की बात को निष्पक्ष रूप से जनता तक पहुंचाना लोकतंत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
प्रेस वार्ता के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि यादव समाज शांति, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द में विश्वास रखता है तथा समाज के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही और समाज की एकजुटता देखने को मिली।
