नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) कांग्रेस ने मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि उसकी आर्थिक नीतियां अमेरिका के तुष्टिकरण और चीन के सामने आत्मसमर्पण वाली हैं। पार्टी ने इसका प्रमाण देते हुए बताया कि 2025-26 में अमेरिका के साथ भारत के वस्तु व्यापार अधिशेष में कमी और चीन के साथ व्यापार घाटे में वृद्धि से मिलता है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में यह आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में अमेरिका के साथ भारत का वस्तु व्यापार अधिशेष 34.4 अरब डॉलर रहा, जबकि वर्ष 2024-25 में यह 40.1 अरब डॉलर था। इसके विपरीत चीन के साथ भारत का वस्तु व्यापार घाटा 2024-25 के 99.2 अरब डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 112.2 अरब डॉलर हो गया। श्री रमेश ने इन आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, “मोदीनॉमिक्स = अमेरिका को तुष्टिकरण और चीन के सामने आत्मसमर्पण।” उन्होंने दावा किया कि व्यापार संबंधी ये आंकड़े सरकार की आर्थिक दिशा और उसके अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रबंधन की वास्तविक स्थिति को उजागर करते हैं।

