जलभराव से संपर्क टूटने की आशंका: किसान नेताओं ने एसडीएम से की सर्वे और त्वरित निर्माण की मांग

बेगमगंज। बीना बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित क्षेत्र में जलभराव के कारण अवरुद्ध होने वाले मार्गों पर पुल एवं पुलियों के निर्माण की मांग को लेकर किसान नेताओं ने सोमवार को बेगमगंज एसडीएम सौरभ मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि परियोजना के जलभराव से कई गांवों का संपर्क प्रभावित होने की आशंका है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

किसान नेताओं ने मांग की कि जिन मार्गों के डूब क्षेत्र में आने की संभावना है, वहां समय रहते मजबूत पुल एवं पुलियों का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों का संपर्क न टूटे और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अनेक गांवों की आजीविका खेती पर निर्भर है और मार्ग बाधित होने से कृषि कार्य, फसल परिवहन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित होंगी।

किसान प्रतिनिधियों ने प्रशासन से परियोजना से प्रभावित सभी मार्गों का सर्वे कराकर आवश्यक स्थानों पर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

एसडीएम सौरभ मिश्रा ने किसान नेताओं को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संबंधित विभाग एवं शासन स्तर पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

इस अवसर पर किसान नेता भरत पटेल, रामस्वरूप महाराज, लक्ष्मीनारायण चौरसिया, एलएन किसान, मनीष चौरसिया, अनवर अली, शादाब हुसैन, अकरम बेग, अतहर अली, टीकाराम कुशवाहा, शोएब अली सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Next Post

चावल, गेहूं नरम, चीनी, खाद्य तेलों के भाव ऊपर, दालों में घट-बढ़

Tue Jun 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 जून (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल का औसत भाव गिर गया। चावल के साथ गेहूं में भी नरमी रही। चीनी और खाद्य तेलों में तेजी रही जबकि दालों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत चार रुपये […]

You May Like