रेहटी। प्रसिद्ध सिद्ध पीठ श्री विंध्यवासिनी बीजासन देवी धाम सलकनपुर से सामने आए एक वीडियो ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत कर दिया है. वीडियो में एक लग्जरी वाहन परिक्रमा मार्ग पर चलता दिखाई दे रहा है. इस दृश्य ने मंदिर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि एक ओर हजारों श्रद्धालु भीषण गर्मी में नंगे पैर तपते पत्थरों पर चलकर मां की परिक्रमा पूरी कर रहे हैं. दोपहर की तेज धूप में गर्म फर्श और पत्थरों पर चलने से कई भक्तों के पैरों में छाले पड़ जाते हैं, लेकिन आस्था और श्रद्धा के कारण वे अपनी यात्रा जारी रखते हैं. दूसरी ओर रसूखदार लोगों को वाहन सहित परिक्रमा मार्ग तक पहुंचने की सुविधा मिलना आम भक्तों के साथ भेदभाव की भावना को जन्म देता है. यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी परिक्रमा मार्ग पर वाहन पहुंचने का मामला सामने आ चुका है, जिस पर विवाद हुआ था और मंदिर प्रबंधन की आलोचना भी हुई थी.
श्रद्धालुओं ने मांग की है कि परिक्रमा मार्ग पर वाहन प्रवेश की अनुमति किस आधार पर दी गई, इसकी निष्पक्ष जांच हो तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. मामले में एसडीओपी रवि शर्मा का कहना है कि परिक्रमा मार्ग में प्रवेश की अनुमति समिति द्वारा दी जाती है. पुलिस की इसमें कोई भूमिका नहीं है.वायरल वीडियो कब का है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है.
