जावर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24.780 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जब्त मादक पदार्थ की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत एवं एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डीएसपी हेमंत पांडेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेहतवाड़ा बायपास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के सामने एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली. आरोपी के पास रखी एक बोरी से 12.800 किलोग्राम तथा एक पिट्ठू बैग से 11.980 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ. कुल 24.780 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी बलकारन सिंह पिता महला सिंह, निवासी सिरसीवाला, थाना बरेटा, जिला मानसा पंजाब को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1000 रुपये नकद भी जब्त किए हैं. आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
