मक्सी : मक्सी के सिरोलिया रोड स्थित अंडरब्रिज के पास अज्ञात चोरों ने विद्युत परियोजना में उपयोग की जा रही लाखों रुपए मूल्य की एल्यूमिनियम केबल चोरी कर ली। चोरी की इस घटना से निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, एमपीआरडीसी की विद्युत लाइन परियोजना के तहत फेस-2 इंडस्ट्रियल एरिया के लिए 132 केवी लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य का जिम्मा आर.के. इलेक्ट्रिकल्स फर्म के पास है। फर्म से जुड़े ठेकेदार आत्माराम मालवीय ने बताया कि सिरोलिया रोड अंडरब्रिज के पास अज्ञात बदमाशों ने लाइन में लगी करीब आठ से दस गाले एल्यूमिनियम केबल काटकर चोरी कर ली। चोरी गई केबल की लंबाई लगभग एक किलोमीटर बताई जा रही है।
ठेकेदार के अनुसार, पूरी लाइन करीब 11 किलोमीटर लंबी है और कार्य अभी निर्माणाधीन है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे घटना की जानकारी उस समय लगी जब क्षेत्र के एक किसान ने फोन कर बताया कि विद्युत तार लटके हुए दिखाई दे रहे हैं। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो केबल चोरी होना सामने आया।चोरी गई एल्यूमिनियम केबल की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है तथा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।दिनदहाड़े लाखों रुपए की केबल चोरी होने की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
