सतना: विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में नगर पालिक निगम सतना एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कृपालपुर स्थित तमस नदी तट पर विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। जिसमें कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस और निगमायुक्त डॉ शेर सिंह मीणा द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाई गई।
सुबह 7:30 बजे प्रारंभ हुए इस अभियान में करीब 100 लोगों ने दो घंटे तक श्रमदान कर नदी तट की साफ-सफाई की तथा पिल्टा फॉर्म एवं करंज प्रजाति के 40 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना के 25 स्वयंसेवकों सहित स्थानीय नागरिकों, निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतिभागियों ने तमस नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्र में फैले कचरे को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प कराया गया। अभियान के दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया।
सतत जनभागीदारी आवश्यक
कलेक्टर सतीश कुमार एस. एवं आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि सतत जनभागीदारी से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की
