बर्मिंघम, 13 जून (वार्ता) डेनियल वायट (नाबाद 105), एमी जोंस (53), कप्तान नैटली सायवर ब्रंट (नाबाद 46) की आतिशी पारियों के बाद फ्रैया कैम्प (चार विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड की महिला टीम ने शुक्रवार रात खेले गये महिला टी-20़ विश्वकप ग्रुप 2 के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 87 रनों से शिकस्त दी। डेनियल वायट को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। श्रीलंका की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को डेनियल वायट और एमी जोंस की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 135 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। 14वें ओवर में मल्की मदारा ने एमी जोंस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। एमी जोंस ने 38गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए (53) रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी नैटली सायवर ब्रंट ने वायट के आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में टीम का स्कोर एक विकेट पर 219 रन पहुंचा दिया। इसी दौरान वायट ने अपना शतक पूरा किया। डैनी वायट-हॉज का नाबाद 105 रन का स्कोर अब महिला टी-20 विश्व कप में चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। 35 साल की डैनी इस टूर्नामेंट में शतक लगाने वाली इंग्लैंड की दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं। उनसे पहले हीदर नाइट ने 2020 में कैनबरा में थाईलैंड के खिलाफ़ नाबाद 108 रन बनाए थे। वायट ने अपनी पारी में 62 गेंदों का सामना किया और 13 चौके तथा एक छक्का लगाया। नैटली सायवर-ब्रंट ने
22 गेंदों में छह चौके और एक छक्का उड़ाते हुए (नाबाद 46) रनों की पारी खेली।
इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की महिला टीम 20 ओवरों में 132 रनों पर सिमट गई। और उसे 87 रनों से हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका के लिए नीलाक्षी डिसिल्वा ने सर्वाधिक (39) रन बनाये। उनके अलावा हर्षिता समाराविक्रमा (29), कविशा दिलहारी (19) और हंसिमा करुणारत्ना (11)रन बनाकर आउट हुई। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। इंग्लैंड के लिए फ्रेया कैम्प ने चार विकेट लिए। शार्लेट डीन, सोफ़ी एकल्सटन को दो-दो विकेट मिले। लॉरेन बेल और लिंसी स्मिथ ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
