पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में पुलिस बर्बरता पर पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराये अंतर्राष्ट्रीय समुदाय: भारत

नयी दिल्ली 09 जून (वार्ता) भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की बर्बरता पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान को उसके दुष्कर्मों और अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहराने की अपील की है। भारत ने यह भी आरोप लगाया है कि पाकिस्तान फर्जी वीडियो के जरिये अपनी विफलताओं और मानवाधिकारों के उल्लंघन की घटनाओं से लोगों का ध्यान भटकाने की विफल कोशिश में जुटा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे गये सवालों के जवाब में कहा ,” इस संदर्भ में हम पाकिस्तान की ओर से फर्जी खबरों और वीडियो का सिलसिला लगातार देख रहे हैं । यह अपनी विफलताओं को छिपाने और मानवाधिकारों के उल्लंघन से ध्यान भटकाने का पाकिस्तान का एक हताशापूर्ण प्रयास है।

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भीषण पुलिस बर्बरता की खबरें हैं जिसमें कई प्रदर्शनकारी मारे गये हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान को उसके दुष्कर्मों और अत्याचारों के लिए जवाबदेह ठहरायेगा। ” प्रवक्ता ने जम्मू कश्मीर को लेकर भारत के संकल्प को दोहराया कि पूरा जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में शरणार्थियों के लिए आरक्षित 12 विधानसभा सीटों को लेकर तनाव चरम पर है।

जॉइंट आवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार इन सीटों का इस्तेमाल अपने हित साधने के लिए करती है और इन्हें खत्म करने की मांग को लेकर क्षेत्र में हिंसक विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। पीओके की यह अशांति 27 जुलाई को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच हुई है। यह विरोध-प्रदर्शन हाल के वर्षों में इलाके में हुई सबसे घातक अशांति के एक दिन बाद हो रहा है जिसमें कई लोग हताहत हुए हैं। इससे अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इलाके में और अस्थिरता का डर पैदा हो गया है। रावलकोट में जेएएसी समर्थकों के एक साथी कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में इकट्ठा होने के बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पें हुईं।

.....

Next Post

गुना के खिलाड़ियों का कमाल: अमन मांझी और मीत गोयल का साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयन

Tue Jun 9 , 2026
गुना। गुना के खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। देश में रांची, झारखंड में 16 से 18 जून 2026 तक होने वाली साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम की घोषणा हुई, जिसमें गुना के 2 खिलाड़ियों को जगह मिली है। थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ […]

You May Like