जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36वाँ दीक्षान्त समारोह 21 जून 2026 को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। विश्वविद्यालय में गुरूवार को जिला प्रशासन एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों द्वारा दीक्षान्त समारोह की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह , पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, एस.डी.एम. मोनिका बाघमारे एवं कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में दीक्षांत समारोह की विभिन्न समितियों के संयोजकों से तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही दीक्षान्त समारोह में प्रेक्षागृह में मंच की बैठक व्यवस्था, दीक्षान्त शोभा यात्रा के साथ-साथ सम्पूर्ण आयोजन के दौरान विद्युत व्यवस्था एवं विश्वविद्यालय परिसर में वाहनों की पार्किंग के लिए समुचित व्यवस्था के लिए भी सुझाव प्राप्त हुए।
दीक्षांत समारोह के लिए स्वर्ण पदक एवं उपाधि धारक के पंजीयन प्रारंभ हो गए हैं, इसकी अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है। दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के संयोजक प्रो. एस.एस. संधू ने बताया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शनिवार 6 जून, 2026 को अवकाश के दिन भी कार्यालय खुला रहेगा। विद्यार्थी स्वर्ण पदक के पंजीयन के लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण में एवं पीएचडी उपाधि के पंजीयन के लिए गोपनीय विभाग में दोपहर 12 बजे से सायं 5.00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के संयोजक एस.एस. संधू, प्रो. राकेश बाजपेयी, ममता राव, अलका नायक, जे.के. मैत्रा, धीरेन्द्र पाठक, पवन साहू, डॉ. अजय सिंह, ओमप्रकाश यादव सहित विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे।
