सतना:भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट व्यवस्था के माध्यम से राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांग हितग्राही अब अपने वार्षिक जीवन सत्यापन की प्रक्रिया घर बैठे मोबाइल एप्लीकेशन से पूर्ण कर सकेंगे।
डॉ.शेर सिंह मीना, आयुक्त नगर पालिक निगम ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का डिजिटल जीवन प्रमाणन सुनिश्चित किया जाए।आयुक्त ने कहा कि, “डिजिटल जीवन प्रमाणन व्यवस्था से सत्यापन प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं त्वरित होगी तथा हितग्राहियों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र हितग्राही जानकारी के अभाव में इस सुविधा से वंचित न रहे।”
इसी कड़ी में आयुक्त ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास के वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों को इस नई व्यवस्था की जानकारी दें तथा उन्हें डिजिटल जीवन प्रमाणन कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही पेंशन लाभ से वंचित न रहे।
