इंदौर: 9 जून से इंदौर में शुरू होने जा रहे अंतरराष्ट्र्रीय महत्व के ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन के कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े गुरुवार को इंदौर पहुंचे और आयोजन से जुड़े विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सम्मेलन में शामिल होने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अतिथियों के स्वागत, आवास, परिवहन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए. कृषि सचिव ने होटल शेरेटन, मैरियट होटल और ग्रामीण हाट बाजार सहित सम्मेलन से जुड़े प्रमुख स्थलों का दौरा किया.
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान आने वाले प्रतिनिधियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता और पेशेवर मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं.निरीक्षण के दौरान मंडी एमडी कुमार पुरुषोत्तम, एमडी पर्यटन दिलीप यादव, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन, कृषि विभाग के उप सचिव रोहित सिसोनिया, संयुक्त संचालक कृषि आलोक मीणा, उप संचालक कृषि सी.एल. केवड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
नवाचार के लिए महत्वपूर्ण अवसर
ब्रिक्स सम्मेलन को इंदौर के लिए वैश्विक मंच पर अपनी कृषि, नवाचार और विकास उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है. सम्मेलन में विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है. इसके माध्यम से कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नए विचारों, तकनीकों और अनुभवों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा
