पालदा क्षेत्र में भीषण जल संकट से रहवासी परेशान

इंदौर: शहर के पालदा क्षेत्र में भीषण जल संकट से रहवासी परेशान हैं. नर्मदा लाइन होने के बावजूद दूषित और अल्प समय के लिए वह भी बहुत कम प्रेशर से जलापूर्ति हो रही है. नगर निगम टैंकरों से जल आपूर्ति नहीं कर पा रही है. टैंकरों की कमी से हालात बिगड़ गए हैं. वहीं निजी टैंकर वाले दोगुनी दर पर पानी बेच रहे हैं. इससे निवासियों में भारी नाराजगी है.

नगर निगम के पर्याप्त जलापूर्ति के दावों के बीच पालदा के वार्ड 75 कुमार भट्टी क्षेत्र के रहवासी इन दिनों गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं. क्षेत्र में नर्मदा पाइपलाइन से जल सप्लाई होने के बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है. प्रतिदिन मात्र कुछ मिनटों के लिए पानी आता है और वह भी दूषित होता है. भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए लोगों को रोजाना मशक्कत करनी पड़ रही है.

नगर निगम द्वारा क्षेत्र के बड़े दायरे और आबादी के अनुपात में पर्याप्त टैंकर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं. दो-दो दिन बाद टैंकर पहुंच रहे हैं, जिससे पानी भरने को लेकर महिलाओं के बीच विवाद और झगड़े की स्थिति भी बन रही है. नर्मदा का पानी नहीं मिलने के बावजूद निगम जलकर के बिल भेज रहा है. रहवासियों ने बताया कि वर्ष 2021 में कनेक्शन लगे, 2024 तक हमने पानी के बिल भरे, फरवरी 2025 में नल बंद हो गए और पूरी गर्मी पानी नहीं मिला.

अक्टूबर में नर्मदा पानी मिला, जब तक बोरिंग का पानी मिल चुका था. अब मार्च से फिर पानी बंद हो चुका है. क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार सीएम हेल्पलाइन और नगर निगम में शिकायतें दर्ज कराईं, वहीं विरोध स्वरूप चक्काजाम भी किया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका. लोगों ने मांग की है कि नर्मदा लाइन से नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र को जल संकट से राहत मिल सके.

यह बोले रहवासी…

वर्ष 2021 से 2024 तक पूरे बिल भरे हुए हैं, 25 और 26 वर्ष की गर्मी में बिल्कुल पानी नहीं मिला. लगातार 6 महीने तक हमें पानी नहीं मिल रहा तो हम बिल क्यों भरें.
– देवेंद्र यादव

नलों से एक-दो बाल्टी पानी आता है, वह भी गंदा, साफ पानी तो हमें मिलता ही नहीं, तो बिल क्यों भरें. बिल वसूली के लिए हमें डराया-धमकाया भी जाता है.
– राधिका तंवर

तीन दिन में आज टैंकर आया है. अगर नर्मदा नल एक घंटा दिए जाएं तो क्षेत्र में पानी की किल्लत नहीं होगी और ना ही सरकारी पानी के टैंकर की जरूरत पड़ेगी.
– माया मीणा

एक टैंकर कितने परिवार की पूर्ति करेगा, काम-धंधा छोड़कर घर के पुरुष आसपास के क्षेत्र में जाकर पानी लाते हैं. कई बार तो खाली बर्तन लेकर लौटना पड़ता है.
– रईसा बी

चक्काजाम आंदोलन किया, झोन पर भी गए, बावजूद इसके निगम ने टैंकर नहीं बढ़ाए. जनसंख्या ज्यादा है. बढ़ा टेंकर प्रतिदिन एक क्षेत्र में देना चाहिए, जिससे पानी की पूर्ति हो सके.
– शारदा चौहान

मैंने खुद पिछले तीन वर्षों में कई बार सीएम हेल्पलाइन और 181 पर शिकायत दर्ज कराई. हमेशा कहते हैं कि समस्या का निराकरण शीघ्र होगा, लेकिन आज तक नहीं किया गया.
– मनीषा एंथोनी

पार्षद का कहना…

मैंने बोरिंग की मांग की थी, आपूर्ति के हिसाब से क्षेत्र में और भी बोरिंग लग जाएं तो हम दिन-रात मेहनत करके वार्डवासियों के अलावा आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए भी पानी सप्लाई कर सकते हैं.
– कुणाल सोलंकी, पार्षद

Next Post

​बंडा क्षेत्र में समय पर पूरे होंगे बिजली कार्य, मुख्य अभियंता ने दिए निर्देश

Fri Jun 5 , 2026
सागर। मुख्य अभियंता सागर रीज़न देवेंद्र कुमार द्वारा विधायक बंडा वीरेंद्र सिंह लम्बरदार से विभागीय कार्यों को लेकर बैठक की गयी, जिसमें मुख्य अभियंता द्वारा विधायक को विभाग में चल रही योजनाओं की जानकारी दी गई एवं चल रहे कार्यों के सम्बन्ध मे विस्तृत चर्चा की गई | विधायक द्वारा […]

You May Like