ईटानगर, 28 जून (वार्ता) मौसम विभाग (आईएमडी) ने अरुणाचल प्रदेश के पांच जिलों निचले सुबनसिरी, लेपाराडा, निचले सियांग, पापुम पारे और पूर्वी सियांग में आंधी-तूफान और भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 28 से 29 जून के बीच आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश का अनुमान लगाया है।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, इसी अवधि के दौरान पश्चिमी कामेंग, पाक्के-केसांग, पूर्वी कामेंग, कामले और लोअर दिबांग वैली जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, 29 से 30 जून तक पश्चिमी कामेंग, निचले सुबनसिरी, पूर्वी सियांग, पापुम पारे, लेपाराडा, निचले सियांग और निचली दिबांग वैली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें आंधी-तूफान के साथ बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि राज्य के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों में 200 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन, अचानक बाढ़, जलभराव, पूर्वी कामेंग, कामले, निचली दिबांग वैली, पाक्के-केसांग और पश्चिमी कामेंग जिलों में कुछ जगहों पर हल्की आंधी और बिजली कड़कने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। आपदा प्रबंधन विभाग ने जिला प्रशासन और सभी संबंधित अधिकारियों से हाई अलर्ट पर रहने और जान-माल की सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने का आग्रह किया है।
विभाग की ओर से निवासियों, खासकर बाढ़ और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी गयी है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदियों और नालों के पास जाने से परहेज करें और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) और संबंधित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों (डीडीएमए ) द्वारा जारी परामर्श का सख्ती से पालन करें। अधिकारी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और उन्होंने जनता से अपील की है कि वे मौसम की आधिकारिक जानकारी और आपातकालीन परामर्श के माध्यम से जानकारी हासिल करते रहें।
